नहर से बालू रेत निकालकर ले जा रहे
ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा, एक गिरफ्तार
- देर रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली कामयाबी
अमर उजाला ब्यूरो
धौलाना। देहरा झाल पर चेकिंग कर रही धौलाना पुलिस ने बीती रात थाना क्षेत्र में देहरा स्थित मांट ब्रांच नहर से बालू रेत निकालकर ले जा रहे रेत से भरी ट्राली पकड़ ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीती रात धौलाना देहरा चौकी क्षेत्र के झाल पर देर रात चेकिंग के दौरान एनटीपीसी मार्ग की तरफ से आ रहे बालू रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। पुलिस ने कुछ दूरी पर ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया और उसे सीज कर दिया। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अवैध बालू रेत के आरोप में सतेंद्र पुत्र धन सिंह निवासी चौना थाना जारचा जिला गौतमबुद्धनगर को पकड़ा गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
रात के अंधेरे में हो रहा है अवैध खनन
धौलाना। शासनादेश के कड़े निर्देशों के बाद रात के अंधेरे में दनदनाते मिट्टी से भरे डंपर व दिनदहाड़े सड़कों पर दौड़ते बालू से भरे ट्रैक्टर और सड़कों पर रेंगती मिट्टी से लदी बुग्गियां अवैध खनन के निरंतर चल रहे कारोबार की तस्दीक करने के लिए बहुत है। धौलाना व पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांवों में अवैध रूप से खनन करने वालों के आगे पुलिस प्रशासन आंख मूंदे है। खनन माफिया ग्राम पंचायत की जमीनों को खोखला कर रहे हैं। वहीं क्षेत्रीय सड़कों पर दनदनाते मिट्टी से लदे वाहनों ने नागरिकों का सड़क पर चलना मुहाल कर रखा है। अवैध खनन के धंधे से जुडे़ सिंडीकेट से जुडे़ लोगों पर कार्रवाई को खानापूर्ति का नाम देकर स्थानीय प्रशासन उच्चाधिकारियों के आदेशों की केवल खानापूर्ति कर पल्ला झाड़ रहा है। सूत्रों के मुताबिक खनन के कारोबार से जुडे़ लोगों से सांठगांठ के चलते इस धंधे से जुडे़ लोगों संबधित विभाग और पुलिस की अनदेखी पर सवाल उठते रहे हैं। वहीं बीती रात थाना क्षेत्र में मांट ब्रांच नहर से निकाले गए रेत से भरी ट्राली पकडे़ जाने पर स्थानीय प्रशासन की बालू माफियाओं को शह देने की पोल खुलती नजर आई है। बता दें कि 28 दिसंबर को यूपीएसआईडीसी एरिया के गांव शेखपुर खिचरा के जंगल में अवैध खनन करते हुए तीन ट्रैक्टर ट्रॉली सहित इसरार पुत्र सरफराज निवासी खिचरा, इसराईल व यूसुफ पुत्र गण अब्दुल गफ्फूर निवासी छिड़ौली थाना बादलपुर जिला गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया था।
तहसीलदार का कथन
तहसीलदार अजय कुमार उपाध्याय का कहना है कि क्षेत्र में मिट्टी खनन की शिकायत मिलने से मौके राजस्व विभाग की टीम पहुंच कर जांच कर माफियाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। तहसीलदार ने कहा ग्राम प्रधान व ग्रामीणों की जानकारी कहीं कोई अवैध खनन कर रहा है तो बेहिचक शिकायत करें और ग्राम समाज की भूमि की मिट्टी खोदने वालों पर शिकंजा कसने में सहयोग करें।