झूलने के दौरान गले में फंसी रस्सी, बच्ची की मौत
-अमर विहार कालोनी में रविवार शाम झूला झूलने के दौरान गले में रस्सी फंसने से 12 वर्षीय एक बच्ची की जान चली गई। परिजन बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास गए, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि आसपास के लोग मामले को संदिग्ध बता रहे हैं।
अमर विहार कालोनी के लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति की 12 वर्षीय बेटी रविवार शाम छत पर झूला झूल रही थी। झूले की रस्सी उसके गले में अटक गई। रस्सी उसके गले में कसती चली गई। उसके साथ खेल रहे बच्चों ने मामले की परिजनों को दी।
परिजन आननफानन में छत पर पहुंचे तो देखा कि बच्ची के गले में झूले की रस्सी का फंदा लगा हुआ है। परिजनों ने गले से रस्सी को निकाला और बच्ची को पास के निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन बच्ची के शव को घर लेकर पहुंचे। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि आसपास के लोग मामले को संदिग्ध बता रहे हैं।
लोनी बार्डर थाना एसएसआई राजेंद्र सिंह का कहना है कि इस तरह की कोई भी जानकारी उनके पास नहीं है। यदि परिजन शिकायत करते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।