प्रदर्शन और हापुड़ चुंगी पर जाम लगाने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने 15 पैठ दुकानदारों को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। सभी को सोमवार सुबह जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है, जिनकी तलाश की जा रही है।
बता दें कि नवयुग मार्केट में रविवार को पैठ बाजार नहीं लगने पर पैठ दुकानदार अर्धनग्न होकर मेयर को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने हापुड़ चुंगी पर जाम लगाने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने दुकानदारों पर लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ दिया था। इस दौरान कुछ दुकानदारों को हिरासत में लिया गया था।
एसआई धर्मेंद्र बालियान की ओर से दी गई तहरीर में दुकानदारों पर आरोप लगाया गया है कि पुलिस राज्यपाल के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा में मुस्तैद थी। इस दौरान कुछ लोगों का जुलूस आया और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की।
एसएचओ हेमंत राय ने बताया कि खालिद, गोविंद, शकील, बबलू, मोहित, सुभाष, राकेश, अशोक, आस मोहम्मद, ललित कुमार, शान मोहम्मद, सुधीर कुमार, चंद किशोर, देशराज और आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
उन पर सरकारी काम में बाधा, पुलिसकर्मियों से अभद्रता का आरोप है। सूत्रों की मानें तो पैठ दुकानदारों को छुड़वाने के लिए देर रात कई नेता उनकी सिफारिश में पहुंचे थे।