मांगी मजदूरी तो चलाई गोली, तीन राहगीर घायल
गांव देहरा के दबंगों ने बृहस्पतिवार को मजदूरी मांगने पर गोली मार दी। घटना में मजदूर तो बाल-बाल बच गया लेकिन तीन राहगीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।
देहरा निवासी सलीम पुत्र लियाकत ने पुलिस को बताया कि उसका भतीजा जराफत बिजली मैकेनिक है। गांव के ही रहने वाले शाहिद के घर पर बिजली संबंधी कार्य किया था।
जराफत ने अपने काम की मजदूरी मांगी तो शाहिद के बेटे आबिद, नौबहार व नैकू पुत्र यामीन व शाहिद पुत्र सादक ने मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर शाहिद के बेटों ने बंदूक से मजदूर पर गोली चला दी।
इसी दौरान वह बाल बाल बच गया जब दबंगों ने भागते हुए जराफत पर दोबारा फायरिंग की तो पास से गुजर रहे गांव के ही सरफराज पुत्र फत्ते (16) , शाहिल पुत्र मुनसैफ (12), साजिद पुत्र अहमद शाह (23) को गोली लग गई, जिससे तीनों घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को धौलाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस ने देहरा निवासी सलीम पुत्र लियाकत ने गांव के आबिद, नौबहार पुत्रगण शाहिद व नैकू पुत्र यामीन व शाहिद पुत्र सादक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना प्रभारी जनक सिंह ने बताया कि वादी की तहरीर पर मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मय हथियार के गांव से ही गिरफ्तार किया गया। अन्य नामजद अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
देहरा में आए दिन विवादों से पुलिस परेशान
थाना क्षेत्र का गांव देहरा इन दिनों पुलिस के लिए सिरदर्द बन रहा है ।आए दिन बात -बात पर गोलियों की गूंज से गांव देहरा का अमन चैन बदहाल हो रहा है।
बृहस्पतिवार सुबह देहरा में गोलियों की गूंज से ग्रामीण सहम उठे। दो माह पूर्व आपसी विवाद के दौरान जमकर चली गोली के दौरान एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए थे। इसमें मल्लो नाम की महिला की गोली लगने से इलाज के दौरान मौत हो गई थी । ब्यूरो