अस्पताल में पत्नी से मारपीट
मोबाइल छीनकर भागा पति
संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल का मामला, पिता का इलाज कराने पहुंची थी महिला
- पत्नी ने कविनगर थाने में पति के खिलाफ दी तहरीर
गाजियाबाद।
संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल में मंगलवार सुबह पति ने महिला से मारपीट की और उसका मोबाइल छीनकर भाग निकला। महिला पति से अलग रह रही है और मंगलवार को पिता का इलाज कराने अस्पताल पहुंची थी। पीड़ित महिला ने कविनगर थाने में तहरीर देकर पति पर कार्रवाई की मांग की है।
संजय नगर के एम-ब्लाक में रहने वाली मानसी की शादी 12 साल पहले गोशाला फाटक निवासी युवक से हुई थी। उसने बताया कि शादी के बाद से ही पति शराब के नशे में गाली-गलौच और मारपीट करता था। एक माह पहले पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह संजय नगर में अपने पिता के घर आकर रहने लगी। उसके पिता को श्वास संबंधी बीमारी है। सोमवार रात उसने पिता को संजय नगर स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। आरोप है कि मंगलवार सुबह शराब नशे में उसका पति अस्पताल पहुंचा और उससे मारपीट करने लगा। महिला ने शोर मचाया तो भीड़ के डर से आरोपी पति उसका मोबाइल छीनकर भाग गया। एसएचओ कविनगर समरजीत सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।