राघवेंद्र हत्याकांड के दो हत्यारोपी गिरफ्तार
-24 जून की रात पिपरी के भगवतपुर गांव में हुई थी वारदात
चायल (ब्यूरो)। भगवतपुर गांव में पांच महीने पहले घर के भीतर सो रहे राघवेंद्र की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार की सुबह वारदात अंजाम देने वाले दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वारदात के साजिशकर्ता को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
पिपरी के भगवतपुर गांव निवासी राघवेंद्र पांडेय की 24 जून की रात घर के भीतर सोते वक्त हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना के खुलासे में लगी थी। पखवाड़े भर पूर्व पुलिस ने घटना के साजिशकर्ता पूर्व प्रधान वीरेंद्र शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया था। वीरेंद्र से राघवेंद्र का रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी के चलते उसने गांव के ही महेंद्र कुमार पुत्र मोतीलाल तथा मंगली प्रसाद पुत्र मूलचंद्र से राघवेंद्र की हत्या कराई थी। पूर्व प्रधान को जेल भेजने के बाद दोनों हत्यारोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछा रखा था। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर एसओ पिपरी अर्जुन सिंह ने कादिलपुर बाजार से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बकौल एसओ पूछताछ में दोनों ने जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस ने लिखापढ़ी कर दोनों को जेल भेज दिया।