फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोट कटने पर हुआ हंगामा, पुलिस ने लाठियां फटकारी-Ghaziabad city

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
वोट कटने और फर्जी मतदान पर हंगामा, पुलिस ने फटकारीं लाठियां
गाजियाबाद। निकाय चुनाव में वोटर लिस्ट से नाम कटने पर भड़के लोगों ने कई इलाकों पर जमकर हंगामा किया। लोगों ने प्रशासन पर जानबूझकर नाम का काटने का आरोप लगाया ताकि एक प्रमुख राजनीतिक दल को फायदा मिल सके। उधर, फर्जी मतदान की सूचना पर विजय नगर इलाके में हंगामा हुआ। हंगामा कर रहे लोगों को बूथ से 200 मीटर दूर तक हटाने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। मोदीनगर में भी फर्जी वोट डालने पर हुए हंगामे को शांत कराने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। यहां सपा के नगर अध्यक्ष को हिरासत में लिया गया।
विजय नगर के वार्ड-48 स्थित लीलावती स्कूल के बाहर दोपहर में फर्जी वोट डाले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। क्षेत्र से पार्षद का चुनाव लड़ रहे सपा प्रत्याशी हाजी आसिफ ने आरोप लगाया कि एक पोलिंग बूथ में कुछ लोग दूसरे के पहचान पत्र पर वोट डाल रहे हैं। इससे गुस्साए समर्थकों ने पोलिंग बूथ के बाहर हंगामा कर दिया। चर्चा रही कि लोगों ने इस दौरान पथराव भी किया, हालांकि पुलिस ने इससे इंकार किया है। विजय नगर एसएचओ नरेश सिंह का कहना है कि हंगामा कर रहे दो प्रत्याशियों समेत 30 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
विज्ञापन

वहीं, विजय नगर के सैन विहार स्थित एपीएन स्कूल में दोपहर में लोगों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि प्रशासन ने जानबूझकर उनका नाम वोटर लिस्ट से काट दिया है ताकि एक राजनीतिक दल को फायदा हो। वोटर लिस्ट में प्रकाशित नामों में भी गड़बड़ियां कर दी गईं हैं। हंगामे की सूचना पर सीओ फर्स्ट मनीषा सिंह व सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप दुबे मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोग नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें पोलिंग बूथ से 200 मीटर दूर करने के लिए बल प्रयोग करते हुए लाठियां फटकारीं। हालांकि सीओ फर्स्ट ने लाठीचार्ज की बात से इंकार किया प्रशासन ने हंगामा कर रहे लोगों की वीडियोग्राफी भी कराई है।
उधर, मोदीनगर में तिबड़ा रोड स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में बने बूथों पर भी फर्जी वोट डालने की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन टीम ने सपा नगर अध्यक्ष दिग्विजय सिंह को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही चूना भट्ठी स्थित कृष्ण पब्लिक स्कूल में फर्जी वोट डालने के विरोध पर पुलिस को लाठियां भी फटकारनी पड़ीं। उधर, गोविंदपुरी स्थित ज्ञान पब्लिक स्कूल और हाईवे स्थित डॉ. केएन मोदी साइंस एंड कामर्स कालेज में समर्थकों ने फर्जी मतदान करने को लेकर विरोध किया। हालांकि पुलिस-प्रशासन ने स्थिति को काबू में कर लिया।
--
प्रत्याशी का आरोप, ईवीएम पर चिपका दी टेप
गाजियाबाद। वार्ड-27 से निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं अधिवक्ता प्रत्याशी बबीता डागर का आरोप है कि किसी ने इंदिरापुरम स्कूल में लगी ईवीएम पर उनके नाम के सामने टेप चिपका दी है, जिससे लोगों को उनका नाम तलाशने में परेशानी हुई। उन्होंने प्रशासन व पुलिस से इसकी शिकायत की।
--
कैला भट्ठा में भी विरोध प्रदर्शन
गाजियाबाद। कैला भट्ठा निवासी महमूद, शबनम, सुलेमा, नौशाद, मुस्तकीम, अय्यूब, रहीसुद्दीन समेत कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब थे। नौशाद ने बताया कि बीएलओ की लापरवाही से मरकज मस्जिद के पास 11 घरों के सभी 80 से ज्यादा सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं था। यही नहीं नामों में त्रुटियां भी थीं। ऐसे मतदाताओं को भी पीठासीन अधिकारियों ने वोट नहीं डालने दिया। वोटर लिस्ट से नाम गायब होने पर लोगों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
--
वोट कटने और फर्जी वोट डालने की सूचना पर खोड़ा में हंगामा
साहिबाबाद। खोड़ा के आदर्श नगर में लार्ड शिवा पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर करीब 350 मतदाताओं के नाम कटने और कई मतदाताओं के वोट पहले से डाले जाने को लेकर लोगों ने हंगामा किया। सुबह करीब 11 बजे जब आदर्श नगर में मतदान करने पहुंचे तीन परिवारों के सभी सदस्यों के वोट पहले से ही डाले जा चुके थे। मतदाताओं ने अधिकारियों और बीएलओ पर एक विशेष पार्टी को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। वोट डालने पहुंचे बंटी फ्रांसिस ने बताया कि वह 17 वर्षों से वोट डाल रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि उनके पूरे परिवार के ही वोट कट गए हैं। हेमराज ने बताया कि उनके परिवार के भी रेशमा, नीलम, प्रवीना, सरस्वती देवी और ओमप्रकाश वोट नहीं डाल सके। वोट डालने पहुंची रूबी देवी, रेशमा और चंद्र पाल सहित करीब एक दर्जन लोगों का वोट पहले से ही डाल दिया गया था। हंगामे के दौरान पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा शांत कराया।
--
बसों में आए फर्जी वोटरों की अफवाह से दौड़ी पुलिस
गाजियाबाद। फर्जी वोटिंग की अफवाह से मरियम नगर स्थित फातिमा कान्वेंट मतदान केंद्र में काफी देर तक हंगामा होता रहा। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। नंदग्राम स्थित फातिमा कान्वेंट स्कूल में वार्ड-13 और वार्ड-31 के वोटर मतदान कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक प्रत्याशी ने वोटिंग कराने के लिए बाहर से दो बसों में भरकर लोगों को बुला रखा है। इस पर अन्य प्रत्याशी बूथ पर जा पहुुंचे। विपक्षी प्रत्याशियों और समर्थकों के हंगामे से मतदान प्रक्रिया रुक गई। सूचना पर एसपी सिटी आकाश तोमर, सीओ सेकेंड और एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच की, मगर कोई संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद सभी प्रत्याशियों के एक-एक एजेंट को मतदान केंद्र के मेन गेट पर तैनात कर दिया।
--

---
घूकना के प्राइमरी स्कूल में 10 मिनट रुका मतदान
गाजियाबाद। वोट डालने में धांधली के चलते घूकना की प्राइमरी पाठशाला में बने बूथ पर करीब 10 मिनट तक मतदान प्रक्रिया बाधित रही। घटना दोपहर करीब दो बजे की है। घूकना स्थित प्राइमरी पाठशाला में अमित कुमार वोट डालने अपने बूथ पर पहुंचे। वहां पीठासीन अधिकारी ने बताया कि उसका वोट डाला जा चुका है। अमित ने यह बात बाहर आकर अन्य लोगों को बताई। इसी बीच एक अन्य महिला ने भी खुद की वोट किसी अन्य के द्वारा पहले ही डाल दिए जाने की बात कही। इससे मतदान केंद्र पर खडे़ विभिन्न दलों के एजेंटों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने एक पार्षद प्रत्याशी पर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाया। सूचना पर सीओ द्वितीय आतिश कुमार सिंह और एसडीएम मोदीनगर अतुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा शांत किया और मतदान दोबारा शुरू कराया।
--
आदर्श मतदान केंद्र पर भी कट गए वोट
गाजियाबाद। आदर्श मतदान केंद्र नेहरू वर्ल्ड स्कूल में शास्त्री नगर ई ब्लॉक के फ्लैट नंबर 190 के बाद अधिकांश लोगों का वोट कट गया। मतदाताओं का आरोप था कि क्षेत्र के बीएलओ ने अपना कार्य ईमानदारी से नहीं किया। वार्ड 50 के अंतर्गत नूरनगर व शांति नगर क्षेत्र के सैकड़ों लोगों का नाम वोटर लिस्ट से गायब था। मतदाता जब केंद्र पहुंचे तो लिस्ट में नाम न होने पर उन्हें वोट नहीं डालने दिया। प्राथमिक विद्यालय हरसांव में मतदाता नरेंद्र ने आरोप लगाया कि बीएलओ की गलती से वोटर लिस्ट में उसका नाम नरेश कर दिया गया है। जब वह वोट डालने पहुंचा तो पर्ची में नाम बदला होने के कारण पीठासीन अधिकारी ने वोट नहीं डालने दिया।

मतदान केंद्रों से बीएलओ थे गायब, वोटर रहे परेशान
गाजियाबाद। मतदाताओं की समस्या का मौके पर निपटाने के लिए बीएलओ को मतदान केंद्रों में रहना जरूरी था। जब परेशान मतदाता केंद्र पहुंचे तो मौके से बीएलओ गायब मिले। परेशान मतदाताओं ने बीएलओ को फोन भी किया कइयों का तो फोन ही बंद था। जबकि कुछ ने केंद्र पर आने से ही इंकार कर दिया।
विज्ञापन


दूधेश्वरनाथ मंदिर के साधु भी नहीं डाल पाए वोट
गाजियाबाद। दूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत नारायण गिरि के साथ अनेक साधुओं ने ठाकुरद्वारा बालिका इंटर कॉलेज में अपना वोट डाला। महंत नारायण गिरि ने बताया कि इस बार वोटर लिस्ट में काफी गड़बड़ी रही है। मंदिर से करीब 100 मतदाताओं का नाम लिस्ट से गायब था। सिर्फ पांच लोगों की ही पर्ची बन पाई। जबकि कुछ आचार्य जो विदेश जा चुके हैं, उनका नाम वोटर लिस्ट में था। वार्ड परीसीमन के बाद यह गड़बड़ी हुई है। मतदान केंद्र भी एसडी इंटर कॉलेज से हटाकर ठाकुरद्वारा बालिका इंटर कॉलेज कर दिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें