बजरिया के छह होटलों में छापा 10 जोड़े पकड़े, दो होटल सील
गाजियाबाद। घंटाघर कोतवाली पुलिस ने देह व्यापार की सूचना पर मंगलवार को बजरिया स्थित छह होटलों में छापामारी की। इस दौरान पुलिस टीम ने तीन होटलों में 10 जोड़ों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। साथ ही एक होटल संचालक को भी गिरफ्तार कर दो होटलों को सील कर दिया।
अनैतिक देह व्यापार के लिए बदनाम बजरिया के होटलों में छापामारी की कार्रवाई सुबह करीब पौने 11 बजे सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप दूबे, सीओ सिटी मनीषा सिंह और कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह की मौजूदगी में की गई। पुलिस ने गोपाल प्लाजा, स्टार गेस्ट हाउस, अग्रवाल लॉज, रॉयल किंग, आरआर लॉज और स्वीट नाइट होटल पर छापामारी की। होटल गोपाल प्लाजा में पुलिस को 8 जोड़े आपत्तिजनक हालत में मिले जबकि एक जोड़ा स्टार गेस्ट हाउस और एक जोड़ा अग्रवाल लॉज में मिला। पुलिस के मुताबिक इनमें से ज्यादातर लोग दिल्ली, शाहदरा के रहने वाले हैं और मौज-मस्ती के लिए गाजियाबाद आए थे। छापामारी के दौरान पुलिस ने स्टार गेस्ट हाउस के संचालक बिलाल को गिरफ्तार कर लिया जबकि गोपाल प्लाजा के संचालक देवेंद्र व अग्रवाल लॉज के संचालक अमित अग्रवाल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने तीनों होटल के संचालकों व आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गए 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है जबकि महिलाएं हिरासत में हैं। छापामारी के दौरान एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की प्रभारी लक्ष्मी चौहान भी मौजूद रहीं।
--
एक होटल सील हुआ तो दूसरा किराए पर लिया
कोतवाली पुलिस के मुताबिक मार्च महीने में पुलिस ने बजरिया के होटल आर्यदीप और होटल देवेंद्र पर छापामार कर 84 जोड़ों को आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा था। पुलिस ने दोनों होटल सील कर दिए थे। पुलिस ने देवेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। देवेंद्र का होटल सील हुआ तो उसके भाई रविंद्र यादव ने होटल गोपाल प्लाजा को किराए पर लेकर धंधा शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक इस होटल का एग्रीमेंट रविंद्र यादव और उसके रिश्तेदार नीरज के नाम पर है।
--
पहले ही लीक हो गई थी छापे की सूचना
कोतवाली पुलिस बजरिया के होटलों पर कार्रवाई करने जा रही है, इसकी सूचना पहले ही लीक हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पुलिस के पहुंचने से 10 मिनट पहले ही होटल स्वीट नाइट से करीब 8-10 जोड़ों को होटल संचालक ने निकाल दिया था। ठीक 10 मिनट बाद पुलिस का छापा इस होटल पर पड़ा लेकिन यहां कोई नहीं मिला। सूत्रों की मानें तो पुलिस के ही एक ‘विभीषण’ ने इसकी सूचना दे दी थी, जिससे पुलिस का बड़ी कार्रवाई का प्लान फेल हो गया।