दिल्ली से सटे इलाकों में अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं। गाजियाबाद में सोमवार को अपराध की कई वारदातें हुईं। जानलेवा हमला, बिना टिकेट यात्रा और चोरी जैसे कई मामले सामने आए। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत
गाजियाबाद जिले के मसूरी थाना क्षेत्र की मयूर विहार कॉलोनी में सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत हो गई। मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। सायमा की शादी मार्च 2022 में शादाब से हुई थी। वह मूलरूप से रानीखेत उत्तराखंड की रहने वाली थी। ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि सायमा तनाव में चल रही थी। उसने कमरे में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या की है। वहीं, मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है।
भतीजे ने फावड़ा मारकर चाचा को किया घायल
मुरादनगर थाना क्षेत्र के वसंतपुर सैंथली गांव में जमीनी विवाद के मामले में भतीजे ने फावड़ा मारकर अपने चाचा को घायल कर दिया। सोनू त्यागी ने बताया कि परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। सोनू त्यागी अपने मकान में विजली का काम कर रहा था। इसी बीच भाई का बेटा गौरव आया और काम बंद करने को कहा। मामला गाली गलौज से मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि गौरव ने फावड़े से हमला कर सोनू को घायल कर दिया। एसीपी नरेश कुमार का कहना है कि गौरव के खिलाफ रिपार्ट दर्ज कर ली है।
पशुओं को बचाने के चक्कर में ट्रक पलटा
मोदीनगर थाना क्षेत्र में गदाना बिजलीघर के पास सड़क पर घूम रहे बेसहारा पशुओं के झुंड को बचाने के चक्कर में उज्जैन से प्याज लेकर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के कारण घटनास्थल के पास दिनभर यातायात बाधित रहा। मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी मुकेश कुमार ट्रक चालक है। बताया कि दो दिन पहले वह ट्रक में प्याज लेकर मोदीनगर सब्जी मंडी के लिए चला था। रविवार रात जैसे ही वह हापुड़ मार्ग पर गदाना बिजलीघर के समीप पहुंचा, तभी सड़क बेसहारा पशुओं को झुंड सड़क पर आ गया।
पांच किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
विजयनगर थाना पुलिस ने आर्मी ग्राउंड के पास से एक तस्कर को सवा पांच किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी रेलवे स्टेशन, बस अड्डे पास गांजे की पुड़िया बनाकर बेचता था। एसीपी विजयनगर निमिष पाटिल ने बताया कि पुलिस ने आर्मी ग्रांउड के पास चेकिंग के दौरान राहुल हलदर को पूछताछ के लिए रोका। शक होने पर पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने पकड़ा 40 क्विंटल मांस
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गंगनहर के पास रविवार रात गोरक्षकों की सूचना पर पुलिस ने दो गाड़ियों से 40 क्विंटल मांस पकड़ा। गोरक्षा दल के जिलाध्यक्ष सुमित शर्मा व गोरक्षक गुलशन राजपूत ने बताया कि रविवार रात बारह बजे सूचना मिली कि दो गाडियों में मांस भरकर मोदीनगर से दिल्ली की तरफ जा रहा है। इसकी सूचना उन्होंने थाना पुलिस व कंट्रोल रूप पर दी। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए तस्कर ने अपना नाम यासिन निवासी डासना बताया। एक वाहन का चालक फरार हो गया।
बिना टिकट यात्रा करते 240 यात्री पकड़े गए
सोमवार को रेलवे स्टेशन पर सभी ट्रेनों में मजिस्ट्रेट चेकिंग हुई। इस दौरान अलग अलग ट्रेनों में 240 यात्री बिना टिकट सफर करते हुए मिले। उनसे करीब सवा लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। चार लोगों ने जुर्माना राशि जमा नहीं की, उनको मेल भेजा गया। सीटीआई सतीश चंद शर्मा ने बताया कि स्पेशल मजिस्ट्रेट सुधांशु शेखर उपाध्याय के नेतृत्व में ट्रेनों में चेकिंग की गई। सुबह 6 से 4 बजे तक अभियान चला। 20 टीटी, रेलवे के अलावा जीआरपी की टीम का भी सहयोग रहा।
महिला के पर्स से सोने की बाली और नकदी चोरी
भोपुरा तिराहे के पास जूस कॉर्नर पर सोमवार दोपहर चोरों ने खड़ी महिला का बैग काटकर उसमें पर्स से सोने की बाली, 15 हजार रुपये और कागजात चोरी कर लिए। उन्होंने टीलामोड़ थाने में शिकायत दी। रिस्तल गांव में रहने वाली कोमल शालीमार गार्डन में डॉक्टर से चेकअप कराने आई थी। दोपहर में क्लीनिक से निकलकर ऑटो में बैठी थीं। भोपुरा तिराहे पर उतरने के बाद वह जूस पीने के लिए दुकान पर पहुंचीं।
आरोप है कि वहां खड़े चोरों ने उनका बैग काटकर पर्स निकाल लिया। एसीपी शालीमार गार्डन सूर्यबली मौर्य का कहना है कि सीसीटीवी चेक कर चोरों की पहचान कर रहे हैं। वहीं, अंकुर विहार थाना क्षेत्र के आकाश विहार कॉलोनी में चोरों ने प्रदीप शर्मा के घर की दीवार कूद कर लाखों का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने चोरी की शिकायत पुलिस से की है।