वेव सिटी थाने के बाहर सड़क पर शव रखकर हंगामा करते परिजन। संवाद
मसूरी/गाजियाबाद। वेबसिटी थाना क्षेत्र के गांव नायफल में दहेज उत्पीड़न से तंग आकर मायके में आठ माह की गर्भवती नेहा ने मंगलवार को फंदे से लटककर जान दे दी। मेडिकल परीक्षण के बाद परिजन ग्रामीणों के साथ शव लेकर वेव सिटी पहुंचे। परिजनों ने थाने के सामने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया और आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की। मौके पर पहुंची एसीपी प्रियाश्री पाल ने पीड़ित पिता की तहरीर पर ग्राम प्रधान सहित सात ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि नायफल में नेहा (23) ने मंगलवार को अपने पिता के घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शव लेकर पहुंचे पीड़ितों ने ससुराल वालों पर दहेज और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। पिता अशोक कुमार की तहरीर पर आरोपी पति अंकित, सास मुनेश, देवर विकास, सुरेश ताई, योगेश ताऊ, मनीष जेठ और ग्राम प्रधान धनपाल निवासी करनपुर जट्ट धौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि ग्राम प्रधान धनपाल को हिरासत में लिया गया है।
वहीं, अशोक कुमार ने दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी नेहा का विवाह 14 फरवरी 2025 को गुडगांव में तैनात सिविल इंजीनियर अंकित निवासी गांव कनकपुर धौलाना गौतमबुद्धनगर से की थी। शादी में एक करोड़ रुपये से अधिक का दान दहेज दिया। इसके बावजूद भी ससुराल वाले कार और नकदी की मांग कर उनकी बेटी का मानसिक उत्पीड़न करने लगे। करवाचौथ से पहले उनकी बेटी मायके आ गई। महिला थाने में शिकायत की और वर्तमान में काउंसलिंग चल रही थी। मंगलवार को उनकी आठ माह की गर्भवती बेटी नेहा ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। एसीपी ने बताया कि ग्राम प्रधान अपनी जिम्मेदारी पर नेहा को मायके से ससुराल ले गए थे। इसके बावजूद भी ससुराल वालों ने नेहा पर उत्पीड़न जारी रखा। ग्राम प्रधान धनपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य ससुराल वालों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।