गाजियाबाद। विकास प्राधिकरण की लगाई गई सील को तोड़कर फिर से मकान निर्माण होने का मामला सामने आया है। इस पर जीडीए के अवर अभियंता ने मानक और नक्शे के विपरीत मकान निर्माण कराने वाले छह भू स्वामियों के खिलाफ कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता धनंजय मौर्य के मुताबिक भू-स्वामी ने प्राधिकरण के नक्शे और मानकों के विपरीत मकानों का निर्माण कराया था। टीम ने पूर्व में नोटिस भेजकर चेतावनी दी, उसके बाद सीलिंग की कार्रवाई भी की गई। उनके गत दिनों औचक निरीक्षण में प्राधिकरण की सील तोड़कर आरोपियों ने फिर से मकानों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया। बालाजी एन्क्लेव एनडीआरएफ रोड कविनगर स्थित प्लॉट के भू-स्वामी राकेश अरोड़ा, रवि रावत और सचिन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही एक प्लॉट के मालिक कुमुद चोपड़ा, सीमा नागर और गौरव के खिलाफ भी कविनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एसीपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निर्माणाधीन मकानों की निगरानी शुरू कर दी गई है।