गाजियाबाद। रेलवे स्टेशन पर कोच की पोजिशन बताने के लिए लगाए गए कोच इंडिकेटर यात्रियों के लिए परेशानी बन गए हैं। जब से यह इंडिकेटर लगे हैं, यात्रियों को इनका कोई फायदा नहीं मिला है। रविवार को एक बार फिर से प्लेटफार्म पर लगे सभी कोच इंडिकेटर बंद हो गए।
कर्मचारियों ने टेलीकॉम विभाग को इसकी सूचना दे दी है। शाम करीब 6.30 बजे यह ठीक हो गया। रविवार दोपहर करीब दो बजे गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर लगे कोच इंडिकेटर तकनीकी फाल्ट के चलते बंद हो गए। इसके बंद होने से यात्रियों को ट्रेनों में लगे कोच की पोजिशन पता करने में परेशानी झेलनी पड़ी।
ट्रेन का स्टॉपेज दो मिनट का होने से यात्री इधर-उधर दौड़ते रहे। कुछ यात्री स्टॉल वालों और कुली से जानकारी करते रहे। यात्रियों के शिकायत करने पर इसकी सूचना टेलीकॉम विभाग को दी। टेलीकॉम विभाग ने आनंद विहार में कोच इंडिकेटर खराब होेने की शिकायत दी। स्थानीय अधिकारी के मुताबिक, गाजियाबाद स्टेशन पर कोच इंडिकेटर ठीक करने वाला कोई नहीं है। आनंद विहार से ही कर्मचारी ठीक करने आते हैं। शाम करीब 6.30 बजे कोच इंडिकेटर चालू हो गया।