राज्यसभा सदस्य और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र कश्यप ने कहा कि नौजवानों ने अपने विकास और रोजगार के सपनों को साकार करने का दावा करने के चलते ही अखिलेश यादव को सत्ता में बैठाया था। सत्ता मिली तो मुख्यमंत्री युवाओं को भूल गए और उन्हें बेरोजगारी के दलदल में धकेल दिया।
बिगड़ी कानून व्यवस्था और विकास में पिछड़ने के कारण अब उद्योग भी यहां से पलायन करने लगे हैं। नरेंद्र कश्यप महर्षि कश्यप जयंती के मौके पर मंगलवार को संजयनगर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप भारतीय सांस्कृतिक और एकता के प्रतीक थे।
वह समाज में एकरूपता-एकसूत्र में पिरोकर संसार में सुख-शांति की प्रेरणा देते थे। उनके सपनों को सच्चे अर्थों में बसपा ने ही आत्मसात किया है। यही कारण है कि समाज के दबे-कुचले और विकास में पिछड़े वर्ग को केवल बसपा ही सहारा देकर आगे बढ़ने की ताकत दे रही है।
सपा पर निशासना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने युवाओं से जो वादे किये थे उन्हें तोड़ दिया है। जिससे उनके नौकरी पाने के सपने तार-तार हो गए हैं। केंद्र सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने एक भी वादे को पूरा नहीं कर सके हैं।
लोगों को सपना दिखाया था कि हर व्यक्ति के अकाउंट में 15 लाख रुपये होंगे। उन्होंने कहा कि 2017 में बसपा बहन कुमारी मायावती के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनाएगी। इस मौके पर हीरालाल कश्यप, सुरेश कश्यप, पवन कश्यप, धर्मवीर कश्यप, रामवीर कश्यप, जयपाल कश्यप, रवि कश्यप, ओमप्रकाश कश्यप और रमेश कश्यप आदि ने भी सभा को संबोधित किया।