मोहन नगर स्थित सेवियर पार्क सोसायटी में शनिवार रात को 15 मिनट तक दो बच्चे लिफ्ट में फंसे रहे। घटना से नाराज रेजिडेंट्स ने रविवार सुबह सोसायटी में बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रेजिडेंट्स की बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी के कर्मचारियों से नोंकझोंक भी हुई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मेंटेनेंस एजेंसी के चार कर्मचारियों को हिरासत में लेकर मामला शांत कराया। हालांकि बाद में चारों को छोड़ दिया गया।
सोसायटी के लोगों ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे ए ब्लॉक की सातवीं मंजिल पर रहने वाले शौर्य (10) और आर्व (9) लिफ्ट से अपने फ्लैट में जा रहे थे। लिफ्ट सातवीं मंजिल पर पहुंची, लेकिन खुली नहीं।
बच्चे लिफ्ट के अंदर चीखते चिल्लाते रहे। करीब 15 मिनट बाद खुद ही लिफ्ट का गेट खुल गया। इसके बाद बच्चों ने घटना की जानकारी अपने पैरेंट्स को दी। सुबह घटना का पता चलने पर सोसायटी के लोग बिल्डर ऑफिस पहुंचे और जमकर नारेबाजी।
मामला बढ़ने पर लोगों ने सोसायटी के मेंटेनेंस एजेंसी के कर्मचारियों का घेराव कर दिया। दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों समझा रही थी कि इसी बीच मेंटेनेंस कर्मचारियों से उनकी बहस हो गई।
इस पर पुलिस ने चार कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया और मामला शांत कराया। हालांकि बाद में चारों को छोड़ दिया गया। हंगामा करने वालों में हिमांशु शर्मा, अजय, दीपक, वीके सिंघल, रविंद्र भट्ट, ललित शर्मा, अनिल कुंठे, सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, मेजर सुभाष शर्मा, संदीप वर्मा, रजनीश झा आदि मौजूद रहे।
उधर, बिल्डर संजय रस्तोगी ने रजिडेंट्स के आरोपों को बेबुनिया बताया है। उनका कहना है कि बच्चों ने लिफ्ट में छेड़खानी की थी। इसकी वजह से लिफ्ट बंद हो गई। लिफ्ट बंद होने की सूचना मिलते ही टीम पहुंची और पांच से सात मिनट में बच्चों को लिफ्ट से निकाल लिया।
आए दिन लिफ्ट में आती है खराबी
लोगों का कहना है कि सोसायटी में लिफ्ट में खराबी की समस्या काफी समय से है। आए दिन लिफ्ट का गेट फंस जाता है या लिफ्ट कहीं पर भी अटक जाती है। काफी देर तक गेट बंद रहता है। कई बार लोग लिफ्ट में फंस चुके हैं। कई बार बिल्डर से लिफ्ट को ठीक कराने की मांग की गई है, लेकिन बिल्डर ने लिफ्ट को ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
यह पहला मामला नहीं
31 मई 2016: वैशाली सेक्टर-4 में कावेरी टावर में एक महिला और दो बच्चे लिफ्ट में फंसे
04 मार्च 2016: इंदिरापुरम की लोट्स पौंड सोसायटी में भाई बहन लिफ्ट में फंसे
26 जुलाई 2015: इंदिरापुरम की जयपुरिया सनराइज ग्रीन सोसायटी की लिफ्ट में फंसी महिला
05 अप्रैल 2015: इंदिरापुरम की क्लाउड-9 सोसायटी में लिफ्ट में फंसी बुजुर्ग महिला
09 जून 2014: निहो स्कॉटिश सोसायटी में लिफ्ट में 20 मिनट तक फंसी रही महिला
15 जुलाई 2012: ईस्टर्न हाइट्स में लिफ्ट गिरी, कई घंटे तक फंसी रही बच्ची
05 जुलाई 2012: जयपुरिया सनराइज ग्रीन की ही लिफ्ट 16 वीं मंजिल से बिना रुके पहुंची बेसमेंट में।