छह दिन छत्तीसगढ़ और नंदा देवी एक्सप्रेस गाजियाबाद स्टेशन नहीं आएंगी। मेरठ-टपरी सेक्शन पर ब्लाक के चलते इन ट्रेनों का रूट बदला जाएगा। 23 से 27 अक्तूबर और 2 व 10 नवंबर को यह ट्रेनें दिल्ली से वाया गाजियाबाद के बजाय वाया लोनी-शामली होते हुए टपरी जाएंगी।
इनके अलावा कई ट्रेनों को आधा घंटे के लिए बीच रास्ते रोका जाएगा और उधमपुर स्पेशल को री शेड्यूल कर चलाया जाएगा।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 23 अक्तूबर से 10 नवंबर के बीच टपरी स्टेशन पर 3-3 घंटे के 9 मेगा पावर एंड ट्रैफिक ब्लाक लिए जाएंगे।
इस दौरान इस रूट पर ट्रेनों का संचालन बाधित रहेगा। ब्लाक के चलते अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18238) 23 से 27 अक्तूबर, 2 व 10 नवंबर को डायवर्ट रूट से चलाई जाएगी। यह ट्रेन सहारनपुर से मेरठ और गाजियाबाद स्टेशन पर नहीं आएगी, बल्कि शामली, बड़ौत, लोनी, तिलक ब्रिज होते हुए निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
इसी तरह नई दिल्ली-देहरादून नंदा देवी एसी एक्सप्रेस (12205) नई दिल्ली से तिलक ब्रिज, लोनी, शामली होते हुए सहारनपुर जाएगी। यह ट्रेन भी इन छह दिनों में गाजियाबाद स्टेशन पर नहीं आएगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक देहरादून-नई दिल्ली नंदा देवी एक्सप्रेस इन छह दिनों में 20 से 30 मिनट बीच रास्ते रोकी जाएगी। हालांकि यह अपने निर्धारित रूट से ही चलेगी। इसके अलावा आनंद विहार-उधमपुर स्पेशल ट्रेन 24, 27 अक्तूबर और 10 नवंबर को 1:45 घंटे के देरी से रवाना की जाएगी। इस ट्रेन को री-शेड्यूल किया जाएगा।
यानी दिवाली से पहले घर जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ब्लाक के चलते ट्रेनों का रूट बदलने से गाजियाबाद, मेरठ के यात्रियों को इन ट्रेनों में अपना रिजर्वेशन कैंसल कराना पड़ेगा।