गिरफ्तार आरोपियों में युवा शक्ति दल के अध्यक्ष रवि गौतम, अरविंद गौतम, कपिल गौतम, हासिम और अर्पित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि रवि गौतम ने आपत्तिजनक बयान दिया था। इससे पहले शुक्रवार की रात बड़ी संख्या में लोग शिवशक्ति धाम पहुंच गए थे। महंत मंदिर में मौजूद थे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को बल पूर्वक खदेड़ा।
शनिवार को पुलिस ऑफिस में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता व मुस्लिम समाज के लोग नारेबाजी करते हुए पहुंचे। उन्होंने यति नरसिंहानंद सरस्वती और छोटा नरसिंहानंद कहे जाने वाले अनिल यादव को गिरफ्तार करने की मांग की। काफी देर तक नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा।
युवा शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि गौतम के नेतृत्व में भी काफी लोग पुलिस ऑफिस पहुंचे उन्होंने भी विवादित टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महंत पर 29 सितंबर को एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान इस्लाम के पैगंबर मोहम्मद साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इसी टिप्पणी के विरोध में मुस्लिम संगठनों का गुस्सा फूट रहा है।
महंत का सिर कलम करने पर इनाम का एलान... मुकदमा दर्ज
नाहल गांव के फिरोज खान नाम के शख्स ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर कहा है कि जो यति नरसिंहानंद का सिर कलम करेगा, उसे एक लाख का इनाम दिया जाएगा। इसका पता चलने पर पुलिस ने फिरोज खान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिरोज की तलाश की जा रही है। इस एलान के बाद डासना के मंदिर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। साथ ही उन सभी मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है जिनसे महंत किसी भी रूप में जुड़े हैं। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी. दिनभर डासना क्षेत्र में ही डेरा डाले रहे।
छोटे नरसिंहानंद को भी किया नामजद
गाजियाबाद। महंत यति नरसिंहानंद की आपत्तिजनक टिप्पणी की वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किए हैं। पुलिस ने बताया कि टिप्पणी की वीडियो वायरल करने के मामले में एक्स (ट्विटर) हैंडल से तीन प्रोफाइल के नाम पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा डासना देवी मंदिर परिसर में चार अक्तूबर की रात अनिल यादव उर्फ छोटा नरसिंहानंद ने विवादित बयानबाजी कर वीडियो वायरल किया। इस मामले में वेव सिटी थाने में अनिल यादव उर्फ छोटा नरसिंहानंद, यति रणसिंहानंद गिरी महाराज, यति रामस्वरूपानंद और यति निर्भयानंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विधायक ने कहा, महंत को गिरफ्तार किया गया, पुलिस ने किया इनकार
लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शनिवार को डासना मंदिर पहुंचकर दावा किया कि पुलिस ने यति नरसिंहानंद को गिरफ्तार कर लिया है। उनका कहना है कि उनके पास इसकी जानकारी आई है। इस पर डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि यति नरसिंहानंद के खिलाफ दर्ज मामले में अभी जांच की जा रही है। कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। विधायक ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने मंदिर पर हमला करने का प्रयास किया, उन्हें खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज का सिर्फ नाटक किया। इस मामले में पुलिस को 15-20 लोगों का एनकाउंटर कर देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि हमला जेहादियों ने किया था।