गाजियाबादा। संभल के चंदौसी में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोपी फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) डिपो के प्रबंधक सुनील त्यागी और डिपो प्रभारी अशोक कुमार को सीबीआई अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सीबीआई ने एक निजी फर्म के मालिक की लिखित शिकायत पर बुधवार को मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार संभल के गुन्नौर तहसील के जुनावई निवासी अजयपाल ने सीबीआई से शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि वह श्रीराधा कृष्णा राइस एंड जनरल मिल का संचालन करते हैं। मिल में सरकारी धान की कुटाई कर चावल भारतीय खाद्य निगम बबराला डिपो एफसीआई चंदौसी डिपो में जमा किया जाता है। आरोप है कि एफसीआई चंदौसी के मैनेजर सुनील त्यागी और डिपो के प्रभारी अशोक कुमार ने 16 स्टैक को पास करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शेष आठ स्टैक को पास करने के लिए प्रति स्टैक 15 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। आरोप यह भी लगाया कि रुपये नहीं देने पर चावल से भरे ट्रकों को कई-कई दिनों तक खड़ा रखा जाता है।
अनर्गल आरोप लगाकर ट्रकों को रिजेक्ट कर दिया जाता है, जिससे आर्थिक क्षति होती है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह एफसीआई बबराला डिपो में चावल के 16 ढेर (स्टैक) जमा कर चुका था। आगे 8 ढेर जमा करने की योजना बना रहा था। सीबीआई ने जाल बिछाकर ट्रैप ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारियों को शिकायतकर्ता से पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। यह राशि स्टैक पासिंग और आगे के कामों के लिए ली गई थी। दोनों को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को सीबीआई अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सीबीआई ने आरोपियों के परिसरों पर भी छापे मारे। यहां से संबंधित दस्तावेज और सबूत जब्त किए गए हैं।