सीसीएसयू की प्रवेश प्रक्रिया होगी लेट
- फोटो : अमर उजाला
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया इस बार भी लेट हो सकती है। विवि प्रशासन ने सीबीएसई, आईएससीई और यूपी बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण स्टूडेंट्स का जो डाटा मांगा है, उसे मिलने में देरी हो रही है।
विवि डाटा की मदद से स्टूडेंट्स द्वारा भरे गए फार्म से उसका मिलान कराकर मेरिट लिस्ट जारी करेगा। इससे फर्जी एडमिशन पर अंकुश लग सकेगा। डाटा मिलने पर ही विवि एडमिशन फार्म जारी करेगा।
सीसीएसयू की प्रवेश प्रक्रिया टलने के बाद नई डेट नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक ऑनलाइन एडमिशन फार्म जारी करने से पहले विवि प्रशासन सभी कॉलेजों के साथ मीटिंग करेगा। मीटिंग की फिलहाल कोई डेट नहीं घोषित की गई है। तीनों बोर्ड से उत्तीर्ण स्टूडेंट्स का डाटा मिलने के बाद ही विवि प्रक्रिया को शुरू करेगा।
पिछले सत्र में कई फर्जी एडमिशन के सामने आने पर विवि ने डाटा मिलान का फैसला किया है। इसके बाद मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। माना जा रहा है कि डाटा नहीं मिलने तक विवि प्रशासन आगे की कार्रवाई शुरू नहीं करेगा। एडमिशन प्रक्रिया टलने से स्टूडेंट्स परेशान हैं।
डीयू सहित विभिन्न यूनिवर्सिटी में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से स्टूडेंट्स असमंजस में हैं। सीसीएसयू की प्रवेश प्रक्रिया कब तक शुरू होगी। इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रवेश प्रक्रिया लेट होने का खामियाजा फिर सेशन लेट होने के रूप में दिखेगा।