इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर-एक स्थित निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत में काम करने के दौरान शाहजहांपुर निवासी राजमिस्त्री अनंग पाल सिंह (35) की मौत के मामले में ठेकेदार पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। मृतक की पत्नी ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इंदिरापुरम थाना पुलिस को शिकायत दी थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वसुंधरा सेक्टर-सात में रहती हैं। पति राजमिस्त्री थे। वह ठेकेदार लालू यादव के साथ वसुंधरा सेक्टर-एक में निर्माण कार्य कर रहे थे। 12 अगस्त की शाम करीब छह बजे तीसरी मंजिल पर प्लास्टर करने के दौरान अचानक नीचे गिरने से उनके पति की मौत हो गई थी। आरोप है कि ठेकेदार ने निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। भवन के चारों तरफ सुरक्षा जाल नहीं लगाया गया था। यदि सुरक्षा जाल लगा होता तो उनके पति नीचे नहीं गिरते और उनकी जान बच सकती थी। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।