इंदिरापुरम। सीआईएसएफ मार्ग पर एक अनियंत्रित बस तीन वाहनों को टक्कर मारने के बाद ढाबे में घुस गई। इस मामले में इंदिरापुरम थाने में बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ढाबा संचालक सोनू कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे नोएडा सेक्टर-80 स्थित रेडिएंट कंपनी की बस महिला कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। बस ने यशोदा मेडिसिटी के पास लक्ष्मी टिंबर की दीवार तोड़कर शिव ढाबे में घुस गई थी। इस दौरान बस ने फुटपाथ और नाले की पुलिया भी तोड़ दी। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने बस में सवार महिलाओं को बाहर निकाला और घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बस मालिक को नोटिस भेजा गया है। चालक की तलाश की जा रही है।