गाजियाबाद। साइबर ठगों ने विजयनगर क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति के मोबाइल पर कॉल कर खुद को आईजीएल कंपनी का प्रतिनिधि बताया। व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर किए गए भुगतान को अपडेट करने को कहा। जैसे ही एपीके फाइल पर क्लिक किया उनके खाते से 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
प्रभारी एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि प्रताप विहार में रहने वाले जुगल किशोर कांडपाल के मुताबिक उनके मोबाइल पर एक आईजीएल कंपनी के लोगों सहित कॉल आई। कॉलर ने खुद को आईजीएल कंपनी से बताया। कॉलर ने बताया कि उनके द्वारा किया गया भुगतान क्लीयर नहीं हुआ है, ऐसी स्थिति में भुगतान को अपडेट कर दें। इसके बाद कॉलर ने उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल भेजी। जैसे ही उन्होंने एपीके फाइल डाउनलोड की वैसे ही उनका मोबाइल हैक हो गया। साइबर ठगों ने मोबाइल से जुड़े उनके खाते से तीन ट्रांजक्शन में 90 हजार 290 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। एसीपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।