गाजियाबाद। दो भाइयों में संपत्ति बंटवारे को लेकर कई दिनों से विवाद जारी है। कमलेंदु गुप्ता ने अपने भाई और भाभी पर पैतृक मकान से बेदखल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि उनके भाई-भाभी पूरे मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। कमलेंदु गुप्ता के अनुसार, उनकी 85 वर्षीय बुजुर्ग मां कुसुमलता से भी किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा है। यह मामला पुराना आर्यनगर का है। आरोप है कि 18 जुलाई से वह पैतृक मकान के बाहर सामान सहित रह रहे हैं लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
कमलेंदु गुप्ता ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहते थे। बच्चों की पढ़ाई के लिए उन्होंने कुछ समय के लिए एक कमरा किराये पर लिया था। जब वह अपने कमरों की सफाई के लिए वापस लौटे तो उनकी बेटी को बहाने से बाहर भेज दिया गया। इसके बाद उनके भाई और भाभी ने मकान के मुख्य गेट पर अंदर से ताला लगा दिया। कमलेंदु का आरोप है कि उनके कमरे में अलमारी में रखा कीमती सामान भी अंदर ही रह गया। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बड़े भाई, बहनें उन्हें घर के अंदर दाखिल नहीं होने दे रही हैं। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि दो भाइयों में संपत्ति विवाद का मामला है। मामले की जांच की जा रही है।