लोनी। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग बार्डर थानाक्षेत्र में शुक्रवार शाम को तेज रफ्तार मालवाहक वाहन और ऑटो के बीच टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार बुजुर्ग की मौत हो गई और दोनों वाहनों के चालकों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बुजुर्ग के परिजनों को सूचना दे दी और आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
लोनी सोनिया नगर निवासी महेश चंद्र (61) परिवार के साथ रहते थे और शुक्रवार शाम को वह ऑटो से अपने घर जा रहे थे। ऑटो इंद्रापुरी कॉलोनी निवासी अनुज का था। ऑटो में रमेश चंद निवासी विकास कुंज कॉलोनी में रहने वाले भी बैठे थे। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर पहुंचे तो सामने से आ रहे मालवाहक वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक अनुज, रमेश चंद व महेश चंद गंभीर रूप से घायल हो गए। मालवाहक वाहन चालक अमित पाल निवासी शिवाल खास मेरठ भी हादसे में घायल हो गया। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने महेश चंद को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि हादसे में मृत बुजुर्ग के परिजन को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में परिजन की ओर से शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।