मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बिसोखर कट के समीप सोमवार रात चाउमिन के रुपये मांगने पर दबंग ने दुकानदार पर खौलता पानी फेंक दिया। इससे दुकानदार गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
लंकापुरी कॉलोनी निवासी महेश कुमार ने बताया कि वह बिसोखर कट के समीप चाउमिन और मोमोज का ठेला लगाता है। सोमवार रात करीब आठ बजे एक युवक चाउमिन लेने आए। चाउमिन लेकर वह युवक बिना भुगतान किए वहां जाने लगा। महेश ने चाउमिन के रुपये मांगे तो आरोपी आगबबूला हो गया और महेश के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे पीट दिया। इतने पर भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने मोमोज का खौलता पानी उठा कर महेश के ऊपर उड़ेल दिया। इससे महेश झुलस गया। आरोपी ने घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। भीड़ जमा होने पर आरोपी वहां से भाग गया। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।