मसूरी/गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के डासना स्थित कुरैशियान मोहल्ले में काजी वाली मस्जिद के पास पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। मारपीट और पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दहशत के कारण लोगों ने अपनी दुकानें और घरों के दरवाजे बंद कर लिए। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक उपनिरीक्षक विनोद कुमार पांडेय को पीआरवी के माध्यम से काजी वाली मस्जिद के पास दो पक्षों में भारी पथराव होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और मुकदमों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर कहासुनी के बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू हुई, जो कुछ ही देर में पथराव और लाठी-डंडे चलने तक पहुंच गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया व जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। प्रथम पक्ष के घायल तौकीर अहमद ने मेडिकल परीक्षण कराया है।
उपनिरीक्षक की ओर से 9 नामजद आरोपियों और 15 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। नामजद आरोपियों में तौकीर अहमद, अब्दुल्ला, फरमान व अमन उर्फ फरहान, नासिर व आरिफ उर्फ बिट्टू तथा सलमान, अनस और सलीम शामिल हैं। सभी आरोपी डासना के कुरैशियान मोहल्ले के रहने वाले बताए गए हैं।
.....
अधिवक्ता ने लगाया गोली मारने का आरोप
घायल अधिवक्ता तौकीर अहमद ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के अधिवक्ता अब्दुल्ला के बेटे ने फायरिंग की, जिसमें उन्हें गोली लगी। हालांकि पुलिस फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।