लोनी। पंचवटी कॉलोनी में ऑटो रिक्शा की बाइक से टक्कर होने पर बाइक सवार युवकों ने ऑटो चालक की पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपियों ने ऑटो चालक के घर पहुंचकर हवाई फायरिंग भी की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पंचवटी कॉलोनी निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऑटो रिक्शा चलाते हैं। रविवार को वह दिल्ली के झिलमिल से सवारी लेकर लोनी की तरफ आ रहे थे। खुर्शीद चौक के पास पहुंचे तो सवारी उतारने के दौरान ऑटो बाइक से टकरा गया। इस दौरान उनकी बाइक सवारों से कहासुनी हो गई। राहगीरों ने मामला शांत करा दिया और वह घर की तरफ चले गए। बताया कि युवकों ने ऑटो का पीछा कर चालक को उसके घर के पास गली में रोककर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि शाम के समय बाइक सवार साथियों के साथ दोबारा उनके घर पहुंचे और तमंचा हवा में लहराते हुए उनके घर के बाहर गाली गलौज करनी शुरु कर दी। हमलावरों ने गली में किसी के बाहर आने पर गोली मारने की धमकी दी और हवाई फायर भी किया। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद समेत 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।