गाजियाबाद। जिले के विजयनगर स्थित एक निजी अस्पताल पर गलत ऑपरेशन करने का आरोप लगा है। आरोप है कि ऑपरेशन के बावजूद पीड़ित के हाथ की हड्डी नहीं जुड़ी, जबकि डेढ़ लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
सैन विहार निवासी सतीश ठाकुर ने बताया कि तीन माह पहले बाइक से गिरने पर उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ था। उन्होंने विजयनगर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराया, लेकिन डिस्चार्ज होने के बाद भी दर्द बना रहा। दोबारा जांच कराने पर पता चला कि हड्डी नहीं जुड़ी है, इसलिए दोबारा ऑपरेशन करना होगा। सतीश ठाकुर ने अस्पताल से दोबारा ऑपरेशन की मांग की लेकिन डॉक्टर ने दोबारा खर्चा बताकर इन्कार कर दिया। पीड़ित ने पूर्व में खर्च हुए डेढ़ लाख रुपये वापस मांगने पर अस्पताल प्रबंधन पर दुर्व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।