रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है। ऐसे में ग्राहकों को मिलावटखोरों से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापामारी तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को टीम ने साहिबाबाद क्षेत्र में हल्दीराम और बीकानेर फूड कार्नर से 11 खाद्य वस्तुओं के सैंपल लिए।खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय जायसवाल ने बताया कि विभागीय टीम ने साहिबाबाद क्षेत्र में स्थित हल्दीराम और बीकानेर फूड रेस्टोरेंट पर औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान हल्दीराम रेस्टोरेंट से मट्ठी, दही, सौंफ, देगी मिर्च, घेवर और सूतफैनी के सैंपल लिए गए जबकि बीकानेर फूड स्टोर से घेवर, काजू बर्फी और बादाम बर्फी के नमूने लेकर लैब के लिए भेजे दिए गए हैं।
उन्हाेंने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बिक्री सबसे ज्यादा होती है इसलिए मिलावटखोर मुनाफा कमाने के चक्कर में ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं। खाद्य वस्तुओं में मिलावट की जाती है। बीते तीन दिन में 32 खाद्य वस्तुआें के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई होगी।