गाजियाबाद से दिल्ली-नोएडा जाने वाले लोग सोमवार को हिंडन पुल और मोहन नगर जाने से बचें। हिंडन पुल के पास बने हज हाउस का सोमवार को सीएम अखिलेश यादव उद्घाटन करेंगे। बड़ी संख्या में वीआईपी और अन्य लोग हज हाउस पहुंचेंगे। ऐसे में जनता को जाम से जूझना पड़ सकता है।सीएम सुबह करीब 11 बजे हिंडन एयरफोर्स स्टेशन उतरकर कार से हज हाउस पहुंचेंगे।
इस दौरान कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोका जाएगा। इसके बाद भोपुरा रोड पर ट्रैफिक सामान्य रहेगा। करीब सवा बजे सीएम के लौटने के दौरान एक बार फिर ट्रैफिक रोका जाएगा। जाम से बचना है तो गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले लोग करहेड़ा पुल से होते हुए भोपुरा रोड से दिल्ली जाएं। वहीं, गाजियाबाद से नोएडा जाने वाले लोग भी हिंडन पुल आने के बजाय एनएच-24 के रास्ते ही नोएडा जाएं।
टीएचए-नोएडा से गाजियाबाद आने वाले लोग भी करहेड़ा पुल का प्रयोग करें। बता दें कि कार्यक्रम के मद्देनजर सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक रूट डायवर्जन रहेगा। भारी वाहन (ट्रक-बसें) मोहननगर से मेरठ रोड तिराहे तक नहीं चलेंगे। यह वाहन करहेड़ा कट से राजनगर एक्सटेंशन होते हुए निकाले जाएंगे।
मोहन नगर पर बस मिलने में भी होगी परेशानी
जीटी रोड पर सोमवार को भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। ऐसे में अगर आप मोहन नगर बस पकड़ने पहुंचते हैं, तो वह भी आपको नहीं मिलेगी। आनंद विहार और ज्ञानी बॉर्डर से जाने वाली बसें भोपुरा रोड से करहेड़ा पुल के रास्ते गाजियाबाद जाएंगी।