गाजियाबाद। भाजपा प्रत्याशियों ने अपना नामांकन कार्यक्रम घोषित कर दिया है। शहर सीट से भाजपा के प्रत्याशी अतुल गर्ग 21 जनवरी को अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि लोनी प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर, मोदीनगर प्रत्याशी डा. मंजू सिवाच और मुरादनगर से भाजपा प्रत्याशी अजित पाल त्यागी 23 जनवरी को नामांकन दाखिल करेंगे।
भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन से पूर्व हवन पूजा के साथ ही 11 पंडित शंखनाद करेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने चुनाव कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सभी प्रत्याशियों के साथ क्षेत्रीय संगठन पदाधिकारियों की बैठक के बाद यह नामांकन की तारीख तय कर दी गई है।
शहर सीट प्रत्याशी अतुल गर्ग ने बताया कि नामांकन से पहले सुबह 10 बजे एक हवन पूजा का आयोजन किया जाएगा। इसमें ग्यारह पंडितों के शंखनाद करेंगे। इसके बाद नामांकन करने जाएंगे।
कोशिश की जा रही है कि इस हवन पूजा को कविनगर रामलीला ग्राउंड में करने के लिए प्रशासन से अनुमति ली जाएगी। अतुल गर्ग ने बताया कि वह मुख्य चुनाव कार्यालय हापुड़ रोड पर गीता-संजय पार्क के पास शुरू किया जाएगा।
भाजपा के ही अन्य प्रत्याशी अजित पाल त्यागी, डा. मंजू सिवाच और नंदकिशोर गुर्जर ने बताया कि वह 23 तारीख को अपना पर्चा दाखिल करेंगे। अजित पाल त्यागी अपना चुनाव कार्यालय 23 जनवरी को ही आरडीसी स्थित पेट्रोल पंप के पास शुरू करेंगे।