साहिबाबाद। टीलामोड़ थानाक्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर 10-12 युवकों ने पंप कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को पीट दिया। बचाव में सुरक्षा कर्मी ने एक हवाई फायर भी किया। वहीं विवाद 29 मई की देर रात हुआ जब युवक क्रिकेट खेलकर लौट रहे थे। मामले की सीसीटीवी कैमरा फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। पुलिस ने 30 मई की रात प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में पेट्रोल पंप प्रबंधक निस्तौली निवासी अभिषेक चौधरी ने बताया कि वह चुन्नी लाल के नाम से संचालित पेट्रोल पंप पर प्रबंधक हैं। बताया कि 29 मई की रात करीब 9ः45 बजे पंप पर 10-12 युवक बाइकों से पहुंचे। इस दौरान पंप पर तैनात सुरक्षा कर्मी ने उन्हें बाइकें एक तरफ लगाने को कहा। पुलिस के अनुसार इस बात को लेकर सेल्समैन और सुरक्षा गार्ड से विवाद हो गया। युवकों ने तभी सेल्समैन कपिल और गुलाब पर डंडों से हमला कर दिया। झगड़े में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बचने के लिए सुरक्षा गार्ड ने हवाई फायर किया तब आरोपी भाग गए। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।