साहिबाबाद। टीएचए में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये खर्च कर मरम्मत और आधुनिकीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं लेकिन इसके बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। हालात यह हैं कि क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 50 फॉल्ट सामने आ रहे हैं। इससे लोगों को घोषित और अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
ऊर्जा निगम ने टीएचए में बिजनेस प्लान के तहत लगातार मरम्मत, लाइन सुधार और उपकरण बदलने के कार्य किए जा रहे हैं। विभाग का दावा है कि 33 केवी लाइन से लेकर ट्रांसफॉर्मर तक को बदला जा चुका है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हो सके। इसके बावजूद इंदिरापुरम, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, तुलसी निकेतन और आसपास के कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली बाधित हो रही है।
रविवार को पूरे दिन में करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। लगातार हो रही बिजली कटौती और फॉल्ट से परेशान लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है।
वहीं इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासियों ने टीला मोड़ स्थित श्रीराम बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। ओमप्रकाश ने बताया कि कि भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली जाने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
शनिवार रात भी करीब दस बजे ही चली गई थी। इसके बाद पूरी रात नहीं आई। रोस्टर तैयार करने के बाद भी आपूर्ति नहीं हो रही है। बुजुर्ग, बच्चे और कामकाजी लोग सबसे अधिक परेशान हैं।