गाजियाबाद। यूपी पॉलिटेक्निक में छठवें चरण के दाखिले की प्रक्रिया मंगलवार को बंद हो गई। हालांकि, पूरे दिन में एक भी छात्र सीट वापसी के लिए हेल्प सेंटर पर नहीं पहुंचा। इस दौरान 300 से अधिक छात्रों के दाखिले कन्फर्म कर इसकी सूचना पोर्टल पर अपलोड कर दी गई। इसी के साथ दाखिला लेने वाले छात्रों की पढाई भी शुरू करा दी गई। जिन छात्रों के दाखिले पहले हो चुके हैं, उनकी पढाई एक अगस्त से ही शुरू हो चुकी है।
राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य डॉ. जानबेग लोनी ने बताया कि छठवें चरण की चॉइस फिलिंग का परिणाम जारी होने के बाद दाखिले की प्रक्रिया शुरू हुई थी। एक सितंबर तक दाखिले चले और जिन छात्रों ने 3250 फीस जमा कर दी थी, उनको सीट वापसी का मौका मंगलवार शाम तक दिया गया था। हालांकि, छठवें चरण में सभी दाखिले निजी कॉलेजों के थे। राजकीय कॉलेज में पांच चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया में ही तकनीकी पाठयक्रम में सभी सीटें भर गई थीं।
यूनिवर्सिटी ने बंद किया पंजीकरण, अब दाखिले
स्नातक में दाखिले के लिए चल रही पंजीकरण प्रक्रिया यूनिवर्सिटी ने मंगलवार शाम को बंद कर दी। अब बुधवार को दाखिले से संबंधित आदेश आने का छात्रों व कॉलेजों को इंतजार है। बता दें कि स्नातक में तीन वरीयता सूची के दाखिले हो चुके हैं। पीजी में भी पहली सूची के दाखिले की प्रक्रिया के बाद दोबारा से पंजीकरण शुरू कराया गया। एमएमएच कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय सिंह ने बताया कि एमएमएच कॉलेज में तीन सूची के दाखिले की प्रक्रिया में करीब 50 फीसदी सीटें भरी हैं। अगली प्रक्रिया में रिक्त सीटें भरने की उम्मीद है। हालांकि, पीजी में अभी चंद सीटों पर भी दाखिले हुए हैं।