पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बील अकबरपुर गांव के नजदीक टोल प्लाजा पर खडे ट्रक में पीछे से बस की टक्कर हो गई। बस में सवार एक महिला की मौत हो गई और 19 यात्री घायल हो गए। आठ यात्रियों की हालत गंभीर है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर बस चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पटियाला एक्सप्रेस टूरिस्ट की बस लुधियाना से बिहार मुज्जफरपुर स्थित मधेपुरा जा रही थी। बस में 57 यात्री सवार थे। टूरिस्ट बस को ठेकेदार ने बुक किया था। बस राजस्थान के गांव टूडली साखन निवासी सुरेंद्र सिंह और परिचालक अबंला निवासी मनप्रीत सिंह लेकर जा रहे थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे बस गांव बील अकबरपुर स्थित टोल के पास पहुंची तो किनारे एक ट्रक खड़ा हुआ था। तेज गति से जा रही बस के चालक को झपकी आने पर ट्रक में पीछे से टक्कर हो गई। तेज आवाज व घायलों की चीख पुकार सुनकर अन्य वाहन चालक रुक गए और पुलिस को जानकारी दी। घायलों किसी तरह बस से निकालकर सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। हादसे में महिला (40) की मौत हो गई।
घायलों में महरूद्दीन, श्याम पांडे, बबलू पंड़ित, वासुदेव, सोनू, राजकुमार, रसूल, विजय कुमार, मिलन, मनीलाल माथुर, विनोद कुमार, जितेंद्र कुमार, मौसम कुमार, सुनील दास, अनिरूद्ध, नरेश कुमार, मनीलाल, जितेंद्र, सुनील कुमार, मौहम्मद जुबेन अंसारी समेत 19 लोग घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। गंभीर घायलों के ठीक होने पर महिला की पहचान की जाएगी। अन्य यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर भेज दिया गया है।