गाजियाबाद। कांशीराम आवास योजना का मकान दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने फर्जी मालिक बनकर महिला से 3.7 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर पीड़ित महिला ने चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने धोखाधड़ी की जांच शुरू कर दी।
मधुबन-बापूधाम स्थित एलआईजी फ्लैट निवासी सोनिया ने बताया कि उनको एक मकान खरीदना था। जुलाई 2025 में उनकी मुलाकात एक परिचित के जरिये मुस्लिम चौधरी उर्फ राजा से हुई। आरोपी ने कहा है कि वह उनको कांशीराम आवास योजना का मकान दिला सकता है। आरोपी ने दूर से मकान दिखाया और सौदा तय होने पर राजा ने अपने खाते में 3.7 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। आरोपियों ने एक अनुबंध पत्र तैयार कराते हुए उनको दे दिया है कि वह मकान में रह सकती हैं। अनुबंध पत्र को लेकर वह मकान पर पहुंची तो वहां पहले से परिवार रहता पाया गया। साथ ही उन्होंने आवास का मालिक बताया और कागज भी दिए। इसके बाद उनको ठगी का एहसास हुआ। जब राजा के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि उसने कई लोगों से इस तरह की ठगी की है। जब उन्होंने राजा से फर्जी अनुबंध देने और अपने रुपये वापस मांगे तो तो जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने मुस्लिम उर्फ राजा, अनीता, रजनी व रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज करके जांच कराई जा रही है।