गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आंबेडकर रोड पर ऑफिस दिलाने का झांसा देकर कंपनी संचालक से पड़ोसी ने 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोप है कि रकम मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दिल्ली के कृष्णा पार्क में रहने वाले मोहित कनोजिया ने शिकायत देकर बताया है कि उन्होंने वर्कआउट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक फर्म बनाई थी, इसके वह डायरेक्टर हैं। वह गाजियाबाद में भी कंपनी का ऑफिस खोलना चाहते थे। इसी दौरान मई 2025 में उनके पड़ोसी निर्भय कुमार पुरी ने बताया कि कंपनी का काम बढ़ाने के लिए गाजियाबाद के आंबेडकर रोड स्थित बीकानेर के पास 200 वर्ग गज जगह में एक ऑफिस दिला सकता है। इसके लिए उसने जून 2025 में उन्हें सुबह करीब 11 बजे बीकानेर के पास चौधरी मोड़ पर बुलाया। आरोपी निर्भय कुमार ने उन्हें वहीं आसपास में एक दो ऑफिस दिखाए, जो उन्हें पसंद आ गए। आरोपी ने ऑफिस की कीमत 55 लाख रुपये बताई। वह ऑफिस लेने के लिए तैयार हो गए। फिर आरोपी निर्भय कुमार पुरी को पांच लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद 11 जुलाई 2025 को कंपनी के खाते से 20 लाख रुपये और एक अगस्त 2025 को 25 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा तीन सितंबर को अपने दोस्त अभय के खाते से चार लाख और चार सितंबर को एक लाख रुपये निर्भय कुमार पुरी की कंपनी रॉयल बिल्डटेक के खाते में ट्रांसफर किए। आरोप है कि समस्त धनराशि देने के बाद जब आरोपी से ऑफिस पर कब्जा व रजिस्ट्री कराने के लिए कहा गया तो निर्भय कुमार पुरी टाल मटोल करने लगा। जब उन्हें शक हुआ तो वह आठ दिसंबर 2025 को मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि इस संपत्ति से आरोपी का कोई लेनादेना नहीं है। पीड़ित ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो उसने 13 दिसंबर 2025 को उन्हें चौधरी मोड़ पर बुलाया। जहां उसने दस दिन में रकम लौटाने की बात कही। लेकिन इसके बाद उसने रकम नहीं लौटाई है। रकम मांगने पर वह जान से मारने की धमकी और झूठे मुकदमे में फसाने की धमकी दे रहा है। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसके बाद न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।