गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को जोड़ने के लिए फिर से एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को जोड़ने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें खासकर युवाओं पर ध्यान दिया जाएगा। जिला निर्वाचन आयोग के आदेश के बाद जिले में भी एसआईआर के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। हर बीएलओ को सप्ताह में कम से कम 20 से 25 निर्वाचकों के नाम शामिल कराने का लक्ष्य दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अवसर से वंचित न रहे। इसके लिए मतदाताओं को अभियान चलाकर जागरूक भी किया जाएगा। इस अभियान के तहत आश्रय स्थलों, श्रमिक कॉलोनियों और आश्रयहीन लोगों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है। शिक्षण संस्थानों, स्थानीय जनसंपर्क और स्वीप गतिविधियों का उपयोग होगा। नए मतदाता जोड़ने के लिए तैयार सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों से साझा किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे। ब्यूरो