गाजियाबाद। साइबर ठग ने कुरियर भेजने के नाम पर विजयनगर के युवक से 7.80 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को यूक्रेन की बेसहारा युवती बताकर अपना परिचय दिया और भारत आने की इच्छा जताई। मामले में साइबर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजयनगर निवासी युवक ने बताया कि उनके फेसबुक पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। बात करने वाले ने कहा कि वह यूक्रेन से है। वहां हुए युद्ध में उसके माता-पिता व अन्य लोगों की मौत हो चुकी है। अब उसका कोई भी इस दुनिया में नहीं है। उसने कुछ फोटो और वीडियो भेजे तो उनको विश्वास होने लगा। कई दिन तक बातचीत होती रही। फिर उसने कहा कि वह स्थायी रूप भारत आना चाहती है। इसपर युवक ने कहा कि वह यहां आ सकती हैं। युवती ने भारत आने की तारीख भी बता दी और हवाई जहाज के कुछ टिकट भेज दिए। फिर युवती ने कहा कि उसने एक कुरियर भेजा है। जिसमें करोड़ों की कीमत का सामान है। फिर मैसेज करके बताया कि जो माल भेजा है, उसको कस्टम ने पकड़ लिया है। उसको छुड़ाने के लिए कुछ पैसा भेजना होगा। इसी तरह बातों में उलझाकर शातिर ने उनसे 7.80 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। वह उनसे और पैसा भेजने को कह रही थी लेकिन तब तक उनको ठगी का पता चल गया। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि जिस खाते में रकम जमा कराई गई है, उसको फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू करा दी गई है।
मोटी कमाई के लालच में लगा दी 32 लाख की चपत :
गाजियाबाद। फेसबुक पर आई रील देखना इंदिरापुरम के आलोक भटनागर को महंगा पड़ा। साइबर ठगों ने निवेश कराने के नाम पर आलोक भटनागर को 32 लाख रुपये की चपत लगा दी। उन्होंने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आलोक भटनागर ने बताया कि जुलाई में उन्होंने फेसबुक पर निवेश से जुड़ी एक रील देखी थी। उसमें दिए गए लिंक को खोलने पर वह एक ग्रुप में जुड़ गए। आरोपियों ने उनको अपनी बातों में उलझा लिया। उन्हें हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल अकाउंट के बारे में बताया और हाई रिटर्न दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद उनसे ट्रेडिंग शुरू कराई। पांच बार में उन्होंने करीब 32 लाख रुपये उनके बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने जब रकम को निकालने का प्रयास किया तो उनसे सर्विस चार्ज और कमीशन के नाम पर 27,71,492 रुपये जमा करने के लिए कहा गया। शक होने पर उन्होंने इसकी जांच की तो ठगी का पता चला। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। ठगी गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है।
2.30 लाख रुपये निकाले : मसूरी निवासी इमरान के बैंक खाते से साइबर ठग ने पांच बार में 2.30 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। मामले में उन्होंने बैंक में शिकायत कर मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। एसीपी मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि ठगी गई रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू करा दी गई है।