संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। होटल पर रिव्यू देने और यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करने का टास्क देकर साइबर ठगों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक के रहने वाले राठौड़ किरनभाई से 6.48 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने 11 खातों में रकम ट्रांसफर कराई। शुरुआत में उन्हें टास्क पूरा करने पर 150 रुपये देकर भरोसे में लिया और फिर टास्क ऑर्डर बुक करने पर ज्यादा कमाई का झांसा देकर ठगी शुरू की। अंत में जब रकम नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। मामले में उन्होंने साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 18 अक्तूबर को उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें टास्क पूरा करने पर कमाई की बात की जा रही थी। कुछ लोग टास्क पूरा करने पर उसके स्क्रीनशॉट ग्रुप में डाल रहे थे, जिन्हें उसके बदले में रुपये मिल रहे थे। उन्होंने भी टास्क पूरा करने पर कमाई की बात की तो उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया है। इसके बाद उन्हें होटल पर रिव्यू देने और यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करने का टास्क दिया गया। पहली बार में तीन टास्क करने पर उन्हें 150 रुपये मिले।
उसके बाद उन्हें बताया गया कि ज्यादा कमाई के लिए टास्क ऑर्डर खरीदना पड़ेगा। पहली बार उन्होंने 2000 निवेश किए तो मुनाफे के साथ वापस मिले। विश्वास होने पर उन्होंने और रकम निवेश करना शुरू किया। ऐसा करके उन्होंने करीब 6.48 लाख रुपये निवेश कर दिए लेकिन, जब रकम निकालने का प्रयास किया तो उनसे और रकम की मांग की गई। ऐसे में उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि ठगी गई रकम को फ्रीज करने का प्रयास किया जा रहा है। जिन खातों में रकम गई है उनकी जानकारी निकलवाई जा रही है।