दूल्हे को घोड़ी से उतारा, जमकर हुई मारपीट
पहासू। गांव से बारात निकलते समय डीजे का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने दूल्हे को घोड़ी से उतार दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद गांव से बारात रवाना हुई। किसी भी पक्ष ने पुलिस को मामले की कोई तहरीर नहीं दी है।
बुधवार रात करीब आठ बजे थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी के लिए दूल्हे को लेकर बारात निकल रही थी। कुंआ पूजन के दौरान डीजे पर डांस कर रहे लोगों को गांव के एक युवक ने रोकने को कहा। इसे लेकर दूल्हा पक्ष के लोगों ने युवक से झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान युवक पक्ष से गांव के और लोग पहुंच गए और लोगों ने मिलकर दूल्हे को घोड़ी से उतार दिए। इसे लेकर विवाद काफी बढ़ गया और दूल्हा पक्ष और गांव के कुछ लोगों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में बाराती पक्ष से एक युवक घायल हो गया। मारपीट की सूचना पर अहमदगढ़, शिकारपुर, पहासू और छतारी समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाबुझा कर मामले को शांत कराया। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।