संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीनगर। नगर निवासी कांग्रेस नेत्री नीरज कुमारी प्रजापति से जमीन दिलाने के नाम पर 27 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। डीसीपी के आदेश पर मोदीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भूपेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी नीरज कुमारी प्रजापति 2022 विधानसभा चुनाव में मोदीनगर से कांग्रेस प्रत्याशी थीं। नीरज प्रजापति की ओर सेे दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार उनकी मुलाकात सन 2020 में साबिर अली निवासी जैन कन्या इंटर कॉलेज टावर रोड बुलंदशहर से हुई। साबिर ने बताया कि उसके पास हापुड़ रोड डासना और दिल्ली में कई सस्ती प्रॉपर्टी है। जमीन देखने के बाद दोनों में सौदा तय हो गया। नीरज प्रजापति ने जमीन खरीदने के लिए 27 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। तय समय में जब बैनामा नहीं हुआ तो नीरज ने साबिर से बैनामा कराने के लिए कहा। आरोप है कि पहले तो साबिर आनाकानी करने लगा और फिर बाद में नीरज के बेटे को अगवा कर जान से मारने की धमकी देने लगा। नीरज ने स्थानीय पुलिस से मामले की शिकायत की मगर, कार्रवाई नहीं हुुई। इसके बाद नीरज ने डीसीपी से मामले की शिकायत की। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि साबिर अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।