गाजियाबाद। संदिग्ध कुरियर विदेश भेजे जाने का डर दिखाकर सिहानी गेट क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को शातिरों ने डिजिटल अरेस्ट कर लिया। शातिरों ने जेल भेजने का डर दिखाकर 2.25 लाख रुपये ठग लिए। मामले में महिला ने सिहानी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला का कहना है कि उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने कहा कि उनके नाम से एक कुरियर विदेश भेजा जा रहा है। जिसमें संदिग्ध सामान है। इसके बाद उन्हें एक पुलिसकर्मी ने कॉल की और उन्हें वीडियो कॉल पर ले लिया। इस दौरान उन्हें काफी देर तक वीडियो कॉल पर रखा गया। जब उन्होंने परिवार साथ होने की बात कही तो कॉलर ने हर घंटे के हिसाब से उन्हें जानकारी शेयर करने के लिए कहा। इसके बाद जेल भेजने का डर दिखाकर रुपये ट्रांसफर करा लिए। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।