सड़े हुए काजू से बना रहे थे मिठाई, छापा में खुलासा
गाजियाबाद। होली में मिलावटी व खराब मिठाईयां बेचने में शहर के नामी रेस्टोरेंट भी शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित बीकानेर स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट पर छापा मारा। काजू की बर्फी में सड़े हुए काजू मिक्स करके मिलाए जा रहे थे। घी और तेल का उपयोग बार-बार किया जा रहा था। बासी मिठाइयों को गर्म करके दोबारा से तैयार किया जा रहा था। टीम ने सात नमूने भरे हैं।
होली पर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के डीओ राजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित एसआर बीकानेर स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थ तैयार करने में गड़बड़ी की जा रही है। टीम जब पहुंची तो दंग रह गई। सड़े व बदबूदार काजू को पीस कर काजू की बर्फी तैयार की जा रही थी। मौके पर 25 किलो काजू को नष्ट कराया। 70 लीटर देसी घी व तेल को नष्ट कराया गया है। तेल को कई बार तला जा रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट में ग्राहकों की सेहत के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। मौके से करीब 80 किलोग्राम बासी मिठाई पकड़ी। इस मिठाई का हलवाई दोबारा गर्म करके तैयार कर रहे थे। इस मिठाई को नष्ट कराया गया।
भरे सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एसआर बीकानेर स्वीट्स से काजू की बर्फी, काजू, घी, खोया, वनस्पति तेल और बासी मिठाई के सैंपल भरे। इसी प्रकार से मुरादनगर में सलीम डेयरी से पनीर और मोदीनगर में रोहताश डेयरी से दूध व हरिनाथ स्वीट्स से बतीशा का नमूना लिया। नमूने जांच के लिए लखनऊ राजकीय लैब भेजे जाएंगे।