गाजियाबाद पुलिस ने चेकिंग के दौरान शनिवार रात लोनी इंदिरापुरी वन डिपो के पास से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से दो बाइक, तमंचा, तीन मोबाइल, चाकू और कारतूस बरामद किए हैं। बदमाश इलाके में लूट और चोरी की योजना बना रहे थे। इस दौरान दो बदमाश मौके से फरार हो गए।
लोनी बॉर्डर थाना एसएचओ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ को लेकर इंदिरापुरी चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह राणा और अजयपाल सिंह टीम के साथ लोनी इंदिरापुरी वन डिपो के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस को देखकर दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पकड़े गए बदमाशों में से सूरज और सोनू कृष्णा विहार कॉलोनी के रहने वाले हैं, जबकि तसलीम पसौंडा में रहता है।
थाने में सख्ती से पूछताछ में तीनों बदमाशों ने बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों के साथ लोनी में लूट और चोरी की वारदात की योजना बना रहे थे, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया। एसएचओ ने बताया कि पुलिस बदमाशों के दो फरार साथियों, रिहान और इमरान की तलाश कर रही है। बदमाशों ने बाइक लोनी और दिल्ली से चोरी की थी। फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।