रेलवे 12 स्पेशल ट्रेनों का तोहफा यात्रियों को दिया है। तीन रूटों पर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों के स्टॉपेज गाजियाबाद में भी दिए गए हैं। ऐसे में गाजियाबाद के साथ-साथ टीएचए और नोएडा के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
उत्तर रेलवे ने वाराणसी से दिल्ली जंक्शन तक हॉलिडे स्पेशल ट्रेन का संचालन एक सितंबर से शुरू कर दिया है। यह ट्रेन सप्ताह में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को वाराणसी से चलकर नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और सुल्तानपुर में दोनों दिशाओं में जाते हुए रुकेगी।
इसी प्रकार आनंद विहार से उधमपुर तक सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया है। यह ट्रेन रात 9 बजे आनंद विहार से चलकर अगले दिन सुबह 11:35 बजे उधमपुर पहुंचेगी।
यह ट्रेन गाजियाबाद, मेरठ सिटी, सहारनपुर, अंबाला कैंट, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट और जम्मूतवी स्टेशन पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।
त्योहारी सीजन के लिए रेलवे ने दिल्ली से मुरादाबाद के लिए भी दैनिक एक्सप्रेस चलाई है। यह ट्रेन दिल्ली से सुबह 8:35 बजे चलेगी और 12:45 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी।
यहां से यह 1:45 बजे वापस चलकर शाम 5:40 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। यह ट्रेन शाहदरा, साहिबाबाद, गाजियाबाद, पिलखुआ, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, गजरौला और अमरोहा स्टेशन पर रुकेगी। इसके अलावा वैष्णो देवी के लिए प्रीमियम ट्रेनें चलाई गई है।
त्यौहारी सीजन में रेलवे की सुरक्षा करेंगे पीएसी के जवान
त्यौहारी सीजन में रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। जीआरपी के साथ-साथ पीएसी जवान भी स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा में तैनात नजर आएंगे। जीआरपी ने पीएसी की एक प्लाटून को रेलवे की सुरक्षा के लिये बुलाया है।
जरूरत के हिसाब से पीएसी जवानों को स्टेशन की सुरक्षा में तैनात किया जाएगा। जीआपी के एसएसआई पंकज लवानिया ने बताया कि सुरक्षा के लिए एक प्लाटून (24 पीएसी जवान) को बुलाया गया है।