हापुड़ में पिछले दिनों बारातियों के बीच घुसकर युवक को गोली मारने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। गुस्साए परिजनों ने सोमवार शाम अनंगपुर चौक पर शव रखकर प्रदर्शन किया और रास्ते में जाम लगा दिया।
हापुड़ के गांव उदयरामपुर नंगला में रविवार को विजय सिंह की दो बेटियों आरती और ज्योति की शादी थी। दोनों की शादी फरीदाबाद के गांव अनंगपुर निवासी देवेंदर सिंह के पुत्र सचिन और सागर से थी। शाम करीब छह बजे दुल्हनों की विदाई की तैयारी चल रही थी। लड़के पक्ष के लोग मंडप में बैठे हुए थे।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और दूल्हे के चाचा सुधीर (40) को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब छह-सात गोलियां लगने से सुधीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात से विवाह स्थल पर भगदड़ मच गई और लोग दहशतजदा हो गए।