खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के एनएच 91 स्थित गांव धरपा के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने रोडवेज में पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें 15 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को आनन-फानन ही नगर के जटिया अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार जारी है।
हापुड़ निवासी चालक राहुल राणा और परिचालक अवधेश शर्मा सोहराब गेट डिपो की बस में यात्रियों को लेकर मेरठ से अलीगढ़ आ रहे थे। रास्ते में खुर्जा देहात के एनएच 91 स्थित गांव धरपा के निकट चैकिंग कर रहे रोड़वेज विभाग के टीआई ने बस को रोक लिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
जिसमें बस सवार प्रीति निवासी आईटीआई मार्ग अलीगढ़, राजीव सरीन निवासी भरतपुर, अनस और मोहम्मद साजिद निवासी मेरठ, सुरेंद्र कुमार निवासी गांव मलगोसा थाना खुर्जा देहात, बस चालक राहुल राना, नूर मोहम्मद और सरिता निवासी मेरठ, ट्रक चालक मुदस्सर और परिचालक दानिश निवासी अनंतनाथ जम्मू कश्मीर समेत 15 लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को खुर्जा के जटिया अस्पताल और दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायलों का उपचार जारी है। सीओ खुर्जा गोपाल सिंह ने अस्पताल में पहुंचकर घायलों का स्थिती को जाना। उधर, एआरएम एनके वर्मा का कहना है घटना स्थल पर टीम ने पहुंचकर जानकारी जुटाई है। सड़क हादसे की जांच कराई जा रही है।