मेवात में ‘घर वापसी’ कार्यक्रम की अटकलों को मौजिज लोगों ने नकार दिया है। लोगों का दावा है कि मेवात में यह संभव नहीं है।
पिछले कई दशकों से मेव समाज आपसी सौहार्द का परिचय दे रहे हैं। ‘घर वापसी’ कार्यक्रम की बात करने वाले को आपसी भाईचारे को बिगाड़ने की साजिश करार दिया।
देश भर में ‘घर वापसी’ कार्यक्रम को लेकर छिड़ी बहस के बीच मेवात से आई खबर ने प्रशासन को अंदर से हिला दिया। प्रशासन भी अपने स्तर पर कार्यक्रम के बारे में जानकारी लेने में जुटा रहा।
हालांकि इस बाबत मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी गई। वहीं, पुन्हाना से निर्दलीय विधायक रहीश खान ने चुप्पी साध ली है। जानकारी न होने की बात कहकर इस बारे में कुछ कहने से मना कर दिया।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला अध्यक्ष श्याम सुंदर ने ‘घर वापसी’ को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसे किसी भी कार्यक्रम की जानकारी नहीं है। जमात-इल-दावा के हरियाणा समेत चार राज्यों के अध्यक्ष मोहम्मद याहया ने कहा कि ‘घर वापसी’ वापसी कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
अगर कोई इस तरह की बातें फैला रहा है तो यह समाज के सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है। ऐसी बातें सामने पर कानूनी और सामाजिक तौर पर उनसे निपटा जाएगा।