गैंगस्टर संदीप गाड़ौली के एनकाउंटर मामले की हाईकोर्ट में दुबारा सुनवाई सोमवार को होगी। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट की ओर से गुडग़ांव पुलिस को अपना पक्ष रखने के लिए दिन तय होने की उम्मीद है।
गैंगस्टर संदीप गाड़ौली का एनकाउंटर करने वाली आठ सदस्यीय पुलिस की टीम मुंबई में है। संदीप के परिजनों का आरोप है कि टीम ने फर्जी एनकाउंटर किया है। मुंबई हाईकोर्ट ने पुलिस टीम पर मामला दर्ज करने का आदेश दिया है।
इस पर सुप्रीम कोर्ट उसे निरस्त कर चुका है। मामला दुबारा से मुंबई हाईकोर्ट में पहुंच गया है। इस मामले पर सोमवार को सुनवाई होनी है। माना जा रहा है कि परिजनों की ओर से लगाए गए आरोप पर मुंबई हाईकोर्ट गुडग़ांव पुलिस को अपना पक्ष रखने का आदेश देगी।
मामले की जांच कर रही एसआईटी(मुंबई पुलिस) की पूरे प्रकरण पर नजर है। एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि 7 फरवरी को अंधेरी ईस्ट में होटल एयरपोर्ट मेट्रो में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर संदीप गाड़ौली की मौत हो गई थी।
संदीप के परिजनों की ओर से गुडग़ांव पुलिस टीम पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है और शव लेने से इनकार कर दिया है। तभी से शव मुंबई के जेजे अस्पताल में रखा हुआ है।