शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से आरोपी की पहचान की और उसे महिला मित्र के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने लैपटॉप और कार बरामद कर ली है। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी सहमति संबंध में रहते हैं। आय का कोई साधन नहीं होने की वजह से उन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 22 फरवरी को द्वारका के रहने वाले आलोक कुमार ने कार चोरी होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि वह अपनी कार से द्वारका जा रहे थे। इसी दौरान उत्तम नगर लालबत्ती पर खड़े एक दंपती ने उनसे लिफ्ट मांगी। उन्होंने दोनों को लिफ्ट दे दिया। कुछ देर जाने के बाद वह लघुशंका के लिए अपनी कार रोकी। वह बाथरूम चले गए। वापस आने पर उन्होंने देखा कि दंपती उनकी कार लेकर फरार हो गए।
कार में उनका लैपटॉप भी था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। साथ ही अन्य तकनीकी जांच कर पालम में रहने वाले आरोपी संदीप तक पहुंच गई। पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह अपनी महिला साथी रीना के साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर कार बरामद कर ली। उसके बाद पुलिस ने रीना को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी का लैपटॉप भी बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि संदीप दसवीं कक्षा तक पढ़ा है जबकि रीना सातवीं तक पढ़ी है।
दोनों पालम इलाके में सहमति संबंध में रहने लगे। संदीप बेरोजगार है और शराब का आदी है। उनके पास फ्लैट का किराया देने के लिए भी पैसे नहीं थे। उसके बाद दोनों ने रात में सड़क पर असहाय हालत खड़े होकर लोगों से मदद के बहाने उन्हें लूटने की साजिश रची। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक वारदातों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।